
सहारनपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के बेहद पॉश और वीवीआईपी इलाके में हथियार लेकर एक युवक के डिप्टी कमिश्नर के घर में घुसने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
बताया जा रहा है कि युवक ने अपने चेहरे पर कपड़ा लपेट रखा था। उसका CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक हथियार लेकर डिप्टी कमिश्नर के आवास तक कैसे पहुंचा, वहां जाने के पीछे उसका मकसद क्या था और उसने सुरक्षा व्यवस्था को किस प्रकार पार किया।
घटना ऐसे इलाके में हुई है, जिसे शहर का बेहद सुरक्षित और संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में हथियार से लैस युवक का एक वरिष्ठ अधिकारी के आवास में घुस जाना सुरक्षा तंत्र के लिए बड़े अलार्म से कम नहीं है।
मामले की सूचना से पुलिस महकमे में भी खलबली मची हुई है। अब सभी की निगाहें पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं। फिलहाल युवक की पहचान, उसके मकसद और हथियार के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।








